प्रदेश की ढाई हजार पंचायतों में आज दूसरे चरण का मतदान जारी
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एक बूथ किया गया शिफ्ट
रायपुर । प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में शुक्रवार को 2 हजार 505 ग्राम पंचायतों में दूसरे चरण की वोटिंग जारी है। पहले दो घंटे में औसत 10 फीसदी तक मतदान हुआ है। मतदान सभी जगहों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहा है। दंतेवाड़ा में नक्सल प्रभावित क्षेत्र एटेपाल मतदान केंद्र को बड़े गुडरा गांव में शिफ्ट किया गया है। वहीं कुछ जगहों पर मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने पर हंगामे मचने की ख़बर भी है। मतदान के ठीक बाद मतगणना होगी
36 विकासखंड के 6353 मतदान केंद्रों में साढ़े 30 लाख से ज्यादा मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर 62 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 19870 पंच पदों के लिए 48952 प्रत्याशी, 2300 सरपंच पदों के लिए 10496 प्रत्याशी, 658 जनपद सदस्यों के लिए 2,870 प्रत्याशी और जिला पंचायत के 89 पदों के लिए 405 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस चरण के लिए 15 हजार से ज्यादा पंच, 101 सरपंच, 19 जनपद सदस्य और एक जिला पंचायत सदस्य निर्विरोध चुना जा चुकी है। मतदान के बाद विजयी उम्मीदवारों की घोषणा और परिणामों का सारणीकरण 2 फरवरी को किया जाएगा। नक्सल पीड़ित इलाकों में वोटिंग सुबह पौने 7 बजे से शुरू हाे गई है, जो कि दोपहर 2 बजे तक और शेष जगह सुबह 7 से 3 बजे तक होगी।
एक नजर
कुल पंचायतें | 2,505 |
विकासखंड | 36 |
कुल मतदान केंद्र | 6,353 |
कुल मतदाता | 30.56 लाख |
महिला | 15.21 लाख |
पुरुष | 15.34 लाख |
थर्ड जेंडर | 33 |
कुल उम्मीदवार | 62,723 |